झारखंड
26 घंटे बाद लोध फॉल के गोताखोरों ने रेस्क्यू कर दुर्गा मांझी के शव को तालाब से निकाला

महुआडांड़ (लातेहार)। थाना क्षेत्र के रेंगाई पंचायत के काठो गांव के एक तालाब में डुबे दुर्गा मांझी का शव तकरीबन 26 घंटों के बाद लोधफॉल के गोताखोरों ने तालाब से बाहर निकाला. बता दें कि दुर्गा मांझी ( 60 ) शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे गांव के कुछ लोगों के साथ तालाब में नहाने गए थे. इसी दौरान तैरते समय अचानक वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ में नहा रहे लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वे पूरी तरह पानी में समा चुके थे. घटना के बाद से ही ग्रामीणों शव की खोजबीन शुरू कर दी थी. लेकिन तालाब अधिक गहरा होने के कारण करीब 24 घंटे बीत जाने के बाद भी शव बरामद नहीं हो सका था. इसके बाद परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द शव को बाहर निकालने के लिए गोताखोरों की मदद लेने की मांग की. शनिवार को बीडीओ सह सीओ संतोष बैठा द्वारा लोध फॉल पर्यटक स्थल कार्यरत पर्यटक मित्र के गोताखोर टीम को रेस्क्यू करने के लिए बुलाया. रेस्क्यू टीम ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला. रेस्क्यू टीम में अशोक तिर्की, मनबहाल मिस्त्री, मतियूस किस्पोट्टा, दिलीप तिर्की और मनोज मिंज शामिल थे. मौके पर बीडीओ संतोष बैठा, थाना प्रभारी मनोज कुमार, रेगाई मुखिया कमला किड़ो,अर्जन केरकेट्टा,सहित कई ग्रामीण मौजूद थे. शव को पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेजा गया है.


