लातेहार। बालूमाथ थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार लावागड़ा निवासी रमेश उरांव की मौत हो गई. घटना बालूमाथ-पांकी मुख्य पथ पर पंचफेड़ी के पास हुई. अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार रमेश उरांव को जोरदार टक्कर मार दी. रमेश की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया.
Advertisement
स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए और मुआवजे की मांग करते हुए सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया. आक्रोशित लोगों ने कोयला परिवहन में लगे एक हाइवा को आग के हवाले कर दिया. जिससे वाहन बुरी तरह से जल गया. दुर्घटना की सूचना मिलते ही बालूमाथ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई. काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने ग्रामीणों को शांत किया और सड़क जाम समाप्त करवाया गया.
Advertisement
थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है. बाइक सवार को टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने और चालक को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर कोयला लदे भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे है. ग्रामीणों ने कोयला परिवहन पर सख्ती बरतने एवं मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग प्रशासन से की है.