लातेहार। नगर पंचायत क्षेत्र के धर्मपुर स्थित बस स्टैंड में जलजमाव और कीचड़ की समस्या के विरोध में आजसू पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अनोखा प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड परिसर में धान रोपकर नगर पंचायत एवं जिला प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया और जल्द समाधान की मांग की. प्रदर्शन का नेतृत्व आजसू के जिला युवा प्रभारी मुकेश यादव ने किया. उन्होंने कहा कि धर्मपुर बस स्टैंड की बदहाल स्थिति आम लोगों, यात्रियों और दुकानदारों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है. हल्की बारिश के बाद ही पूरा परिसर कीचड़ और जलजमाव से भर जाता है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है। इसके बावजूद नगर पंचायत द्वारा समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है. मुकेश यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही बस स्टैंड की सफाई, जल निकासी की समुचित व्यवस्था और सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आजसू पार्टी चरणबद्ध आंदोलन करने को मजबूर होगी. प्रदर्शन में युवा प्रखंड प्रभारी उज्ज्वल गुप्ता, लवकुश यादव, श्रीकांत पासवान, नगर अध्यक्ष विकास साहू, विवेक कुमार, विकास कुमार, कुंदन पासवान, मनीष मिश्रा, रितेश यादव, सोनू राणा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे.