ब्रेकिंग न्यूज़
मालगाड़ी की चपेट में आने से घायल हाथी के बच्चे की मौत, आज होगा पोस्टमार्टम


मालगाड़ी की चपेट में आकर एक हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया. बाद में उसकी मौत हो गई. हाथियों का झुंड रेलवे ट्रैक पर जमा हो गया. इस कारण बरकाकाना-बरवाडीह रेलवे सेक्शन पर रेल परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे और वन विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. कर्मियों ने हाथियों के झुंड को रेलवे ट्रैक से हटाने का प्रयास शुरू किया. लेकिन हाथियों के उग्र होने के कारण मुश्किलें आ रही थी. देर रात लगभग 12:00 बजे अपलाइन को किसी प्रकार चालू किया गया. स्टेशन सुपरिटेंडेंट रंजीत कुमार ने बताया कि मंगलवार की सुबह हाथियों के जंगल में जाने के बाद तकरीबन 6:00 बजे के अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों का परिचालन शुरू हो गया है. रेंजर नंदकुमार महतो ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मालगाड़ी की चपेट में आने से एक हाथी का बच्चा घायल हो गया था, बाद में उसकी मौत हो गई. मृतक हाथी के बच्चे के शव का पोस्टमार्टम के बाद दफन कर दिया जाएगा. घटना की जानकारी मिलने पर मंगलवार को काफी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पहुंचे और अपनी श्रद्धांजलि दी.