बरवाडीह (लातेहार)। अहिरपुरवा स्थित सामुदायिक भवन परिसर में सोमवार को संविधान निर्माता मंडल के सदस्य, स्वतंत्रता सेनानी एवं महाराष्ट्र के कोल्हापुर से चार बार सांसद रहे पद्मश्री डॉ. रत्नप्पा कुम्भार की 117वीं जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रजापति समाज के प्रखंड अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि दीपक राज ने की. वहीं, मुख्य अतिथि के रूप में सर्वसमाज संगठित पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सुभाष चंद्र प्रजापति उपस्थित रहे. कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. रत्नप्पा कुम्भार के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुई. इस अवसर पर समाज के लोगों ने दीपक राज को दोबारा व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने पर अंगवस्त्र भेंटकर बधाई दी. सुभाष चंद्र प्रजापति ने डॉ. रत्नप्पा कुम्भार की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे स्वतंत्रता संग्राम के सेनानी होने के साथ-साथ सामाजिक चेतना और सहकारिता आंदोलन के प्रमुख स्तंभों में शामिल थे। प्रजापति समाज के प्रखंड अध्यक्ष दीपक राज ने कहा कि डॉ. रत्नप्पा कुम्भार का जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उनके विचारों को केवल जयंती तक सीमित रखने के बजाय जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है. उन्होंने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहने तथा शिक्षा और सामाजिक विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। महेंद्र प्रजापति ने कहा कि डॉ. रत्नप्पा कुम्भार का पूरा जीवन समाज और देश की सेवा के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के लोगों को शिक्षा, एकजुटता और सामाजिक उत्थान के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए. कार्यक्रम में सुदामा प्रजापति, मिथिलेश प्रजापति, उपेंद्र प्रजापति, बिहारी प्रजापति, पवन प्रजापति, महेश प्रजापति, बालचंद प्रजापति, रामनाथ प्रजापति, ब्रजकिशोर प्रजापति, सुशीला देवी, पुष्पा प्रजापति, फूला देवी, कौशल्या देवी, अनीता देवी, चंचला देवी, बिगनी देवी समेत समाज के कई महिला-पुरुष मौजूद रहे.