लातेहार। दीपावली के दीये बुझते ही लातेहार में ठंड ने दस्तक दे दी है. ठिठुरती रातें अब गरीबों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनने वाली हैं. लेकिन इस बार ठंड से पहले ही लातेहार पुलिस ने ठान लिया है कि इस वर्ष किसी गरीब को ठंड से परेशान नहीं होने देना है. एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर लातेहार पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग की एक ऐसी मिसाल पेश की, जिसने पुलिस और जनता के बीच की दूरी को पूरी तरह मिटा दिया. सदर थाना क्षेत्र के कुंदरी गांव में आयोजित सोहराई जतरा मेला के दौरान एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता, सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान और पुलिस बल ने सैकड़ों गरीब, असहाय और जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच कंबल और जरूरत के सामान का वितरण किया. वितरण के दौरान सिर्फ कंबल ही नहीं, बल्कि महिलाओं को साड़ी, पुरुषों को धोती-कुर्ता-बंडी, युवाओं को फुटबॉल सहित आदिवासी परिधान भी दिए गए. कंबल पाकर बुजुर्गों की आंखों में खुशी और चेहरे पर मुस्कान साफ झलक रही थी. ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस इस बार ठंड पड़ने से पहले ही कंबल लेकर पहुंच गई, यह वाकई एक सराहनीय और अच्छी पहल है. एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर यह अभियान शुरू किया गया है. पुलिस और जनता के बीच की दूरी को पाटने के लिए सोहराई जतरा जैसे मंच को चुना गया. उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसे लोगों को चिन्हित कर सामुदायिक पुलिसिंग कैंप लगाकर ठंड से बचने के लिए कंबल और जरूरत के सामान दिए जाएंगे, ताकि कोई भी गरीब ठंड की वजह से परेशान न हो.