बरवाडीह (लातेहार)। भाजपा की वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही जल, जन एवं सेवा संकल्प यात्रा को लेकर बरवाडीह भाजपा मंडल की बैठक सोमवार को बेतला स्थित सभागार में मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद की अध्यक्षता में हुई. बैठक में चार अक्टूबर को बेतला एवं पलामू किला में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों और संगठनात्मक व्यवस्था पर चर्चा की गई. बैठक में मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री सह कार्यक्रम संयोजक मनोज सिंह और युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज मौजूद रहे. मनोज सिंह ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम में अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया. उन्होंने बताया कि 4 अक्टूबर के कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, सांसद कालीचरण सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है. उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं से पूरी ऊर्जा के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की. बैठक में जिला महामंत्री सह जिला संयोजक छोटू राजा, पलामू जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विपुल गुप्ता, विश्वजीत पाठक, आशीष भारद्वाज, रघुवीर यादव समेत जिला एवं मंडल स्तर के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे.