लातेहार। राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के तहत लातेहार में पोषण और संतुलित आहार को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में लातेहार सदर प्रखंड परिसर स्थित सभागार में परियोजना स्तरीय व्यंजन प्रतियोगिता और पोषण प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं ने स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री से तैयार विभिन्न व्यंजनों का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं और आम लोगों को पोषण के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। प्रदर्शनी के माध्यम से यह बताया गया कि रोजमर्रा के भोजन में अलग-अलग खाद्य समूहों को शामिल कर पोषण स्तर को बेहतर किया जा सकता है। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों से मिलने वाले टेक-होम राशन (THR) से अलग-अलग पौष्टिक व्यंजन तैयार करने की जानकारी भी दी गई।कार्यक्रम में मोटे अनाज सहित स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने पर विशेष जोर दिया गया। स्वस्थ और विविध भोजन के व्यावहारिक तरीकों को प्रदर्शनी और व्यंजन प्रतियोगिता के माध्यम से समझाया गया।राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का मुख्य विषय “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” है। इस वर्ष अभियान में आहार विविधता, पर्याप्त प्रोटीन, ताजा पौष्टिक भोजन और आंगनबाड़ी केंद्रों में सामुदायिक भागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिला बाल कल्याण पदाधिकारी सविता कुमारी ने पत्रकारों को बताया कि पोषण माह के तहत पहले 25 सितंबर को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर व्यंजन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके बाद सेक्टर स्तर पर कार्यक्रम हुआ और अब परियोजना स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर को जिला स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। परियोजना स्तर से चयनित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सहायिकाओं को जिला स्तर पर सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा। सविता कुमारी ने बताया कि पोषण माह का उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों को यह समझाना भी है कि उपलब्ध और स्थानीय खाद्य सामग्री का बेहतर उपयोग किस तरह किया जा सकता है। इसके माध्यम से महिलाओं और परिवारों को संतुलित एवं पौष्टिक भोजन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पोषण को जनभागीदारी से जोड़ने पर राष्ट्रीय पोषण माह 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक मनाया जा रहा है। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण, स्वास्थ्य और शुरुआती बाल विकास से जुड़ी सामुदायिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनाया गया है। कार्यक्रम में पोषण संबंधी जानकारी, व्यंजन प्रदर्शन और स्थानीय खाद्य पदार्थों के उपयोग को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। आयोजकों ने कहा कि बेहतर पोषण के लिए परिवार और समुदाय की भागीदारी महत्वपूर्ण है।