महुआडांड़ (लातेहार)। प्रखंड के खपरताला गांव में सोमवार को मधुमक्खियों के हमले में घायल नानी और तीन वर्षीय नाती की इलाज के दौरान मौत हो गई. एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी सन्नाटा छाया हुआ है. जानकारी के अनुसार, सोमवार को खपरताला गांव की दो महिलाएं और करीब तीन वर्षीय बच्चा खजूर काटने के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया. मधुमक्खियों के हमले से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन घायलों को गुमला लेकर गए, जहां इलाज के दौरान सोमवार की रात करीब 10 बजे सरबीत देवी (48 वर्ष), पति सुले मुंडा की मौत हो गई. घटना में गंभीर रूप से घायल तीन वर्षीय अयन राज मुंडा, पिता सुरेश मुंडा की भी मंगलवार को करीब 12 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई. नानी और नाती की एक के बाद एक मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई. एक ही परिवार में महज कुछ घंटों के अंतराल में दो लोगों की मौत से परिजन सदमे में हैं. घटना के बाद खपरताला गांव में घर से लेकर आसपास के इलाके तक मातम का माहौल है. ग्रामीणों ने बताया कि मधुमक्खियों के हमले की घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.