महुआडांड़ (लातेहार)। प्रखंड के हामी गांव स्थित पंडरी टोली निवासी अभिषेक एक्का (22) पिता स्व बेलारमिन एक्का का शव सोमवार को गांव के मंदिर के पास नाले में पड़ा मिला. छह दिनों से लापता युवक का शव मिलने की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
दुर्गा पूजा विसर्जन जुलूस के बाद से था लापता
जानकारी के अनुसार, अभिषेक एक्का 20 अक्टूबर 2026 की रात करीब आठ बजे हामी गांव में आयोजित दुर्गा पूजा विसर्जन जुलूस में शामिल होने के बाद घर लौटने के लिए निकला था. हालांकि, वह घर नहीं पहुंचा. काफी देर तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला. उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था, जिससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही थी.
बहन नेहा ने की थी खोजने में मदद की अपील
अभिषेक के लापता होने के बाद उसकी बहन नेहा एक्का ने आम लोगों से भाई को खोजने में मदद करने की अपील की थी. परिवार के सदस्य उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए थे.इसी बीच सोमवार को गांव के मंदिर के पास नाले में उसका शव मिलने की सूचना मिली. शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया. जिस भाई की तलाश में परिजन कई दिनों से परेशान थे, उसकी मौत की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. आस पास के ग्रामीणों के द्वारा पुलिस को सुचना दी गई. जानकारी मिलते ही महुआडांड़ थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास दल बल के साथ घटना स्थल पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. थाना प्रभारी अमित कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.