महुआडांड़ (लातेहार)। महुआडांड़ थाना पुलिस ने सोमवार को प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय, महुआडांड़ में जागरूकता अभियान चलाया. थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों एवं उपस्थित शिक्षकों को विभिन्न सामाजिक कुरीतियों, कानूनों और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई. अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम लोगों को जागरूक कर उन्हें सुरक्षित, जिम्मेदार एवं कानून के प्रति सजग नागरिक बनाना था. अभियान के दौरान थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की. विद्यार्थियों को बताया गया कि सड़क पर चलते समय सावधानी बरतना, वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करना तथा यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है. थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है. इसलिए सभी को स्वयं सुरक्षित रहने के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिए.
नशा मुक्ति और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ किया जागरूक
कार्यक्रम में नशा मुक्ति को लेकर भी विशेष रूप से जागरूक किया गया. विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए बताया की इससे दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया गया. उन्होंने बाल मजदूरी और बाल विवाह जैसी सामाजिक समस्याओं पर चर्चा करते हुए कहा कि बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य के अवसर मिलना आवश्यक है. बाल मजदूरी एवं बाल विवाह बच्चों के विकास और उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं. ऐसे मामलों को रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए. डायन प्रथा उन्मूलन के संबंध में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। बताया गया कि अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों के कारण किसी व्यक्ति को प्रताड़ित करना गलत है. समाज में जागरूकता, आपसी सहयोग और कानून के प्रति सम्मान के माध्यम से ऐसी कुप्रथाओं को समाप्त करने की आवश्यकता है.
डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए विद्यार्थियों एवं उपस्थित शिक्षकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय भी बताए गए. उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी, बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी या पासवर्ड साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी गई. इस अवसर पर महुआडांड़ थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अभियान में दी गई जानकारियों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करें. कानून का पालन करने, सामाजिक कुरीतियों का विरोध करने और किसी भी आपात स्थिति में उचित सहायता लेने के प्रति सभी को सजग रहने की आवश्यकता है. मौके पर पुअनि बंधन तिर्की, विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रवीण नगेशिया सहित विद्यालय के शिक्षकगण छात्र छात्राएं उपस्थित थे.