कहा, टिप्पणी 140 करोड़ देशवासियों की भावनाओं से जुड़ा मामला
लातेहार। भाजपा प्रवक्ता राजीव रंजन पाण्डेय ने कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस और विपक्षी दलों की भाषा एवं राजनीतिक आचरण पर सवाल उठाए.
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कांग्रेस और विपक्ष के नेताओं द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता जी के बारे में आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने के आरोप सामने आते रहे हैं. उन्होंने पटना में प्रधानमंत्री के पिता को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी का भी जिक्र किया.राजीव रंजन पाण्डेय ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे एक वरिष्ठ और बुजुर्ग नेता हैं. ऐसे में उनसे सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा और जिम्मेदार व्यवहार की अपेक्षा की जाती है. इसके बावजूद इस तरह के बयान देना उचित नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्ष की राजनीतिक कार्यशैली में इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल गलत मानसिकता को दर्शाता है. भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 140 करोड़ लोगों के दिलों में बसते हैं. ऐसे में प्रधानमंत्री के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करना देश के करोड़ों लोगों की भावनाओं को आहत करने जैसा है. उन्होंने विपक्षी नेताओं से राजनीतिक मतभेदों के बावजूद भाषा की मर्यादा बनाए रखने और सार्वजनिक जीवन में शालीनता का परिचय देने की अपील की.