निहित कुमार लातेहार। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के सफल 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर पंचायत लातेहार में हर्षोल्लास के साथ समारोह का आयोजन किया गया. विभागीय निर्देशानुसार नगर के विभिन्न वार्डों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए गए. जिसमें लाभुकों ने अपने नए आवासों में प्रवेश किया. इस अवसर पर लाभार्थियों के साथ केक काटकर खुशी साझा की गई और योजना की उपलब्धियों को सराहा गया. कार्यक्रम में नगर प्रबंधक राजकुमार वर्मा, राजस्व निरीक्षक ओमप्रकाश प्रजापति, सीएलटीसी मनोज कुमार, कामरान मुर्तुजा सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे. अधिकारियों ने योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को सम्मानपूर्वक आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य को रेखांकित किया और बताया कि यह योजना ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को साकार करती है. लाभुकों ने प्रधानमंत्री एवं सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इस योजना ने उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्रदान किया है. कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल उपलब्धियों का जश्न मनाना था, बल्कि लोगों को सरकार की जनहितकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना भी था.