लातेहार। झारखंड के सिमडेगा जिले में पर्यटन विकास को गति देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है और इसमें सहयोग लातेहार टूरिज्म ( रजि) के गोविंद पाठक का योगदान कम नहीं है. लातेहार टूरिज्म के माध्यम से कोलकाता से आए दो कंटेंट क्रिएटर्स अभिब्रत भक्त एवं आहाना डे भक्त ने सिमडेगा जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर विएक वीडियो ब्लॉग तैयार किया है. इस पहल का मुख्य उद्देश्य सिमडेगा की प्राकृतिक, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाना है. इस दौरान दोनो ने सिमडेगा उपायुक्त कंचन सिंह से मुलाकात की. उपायुक्त श्रीमती सिंह ने कहा कि सिमडेगा जिले में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं और इन्हें धरातल पर उतारने के लिए प्रशासन पहल कर रहा है. उन्होंने बताया कि रामरेखा धाम, केलाघाघ जलप्रपात और दनगदी जैसे स्थल प्राकृतिक सौंदर्य एवं आध्यात्मिक शांति का अनूठा संगम प्रस्तुत करते हैं. इन स्थलों तक बेहतर सड़क संपर्क, ठहराव की सुविधा, स्वच्छता व्यवस्था तथा मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य तेज कर दिया गया है. बता दें कि अपने भ्रमण के दौरान कंटेंट क्रिएटर्स ने जिले के कई महत्वपूर्ण स्थलों को कवर किया, जिनमें सूर्य मंदिर सातवीं शताब्दी , भैरव बाबा पहाड़ी, रामरेखा धाम, दनगदी जलप्रपात, बसतपुर, तथा प्रसिद्ध केलाघाघ जलप्रपात सहित अन्य पर्यटन स्थल शामिल हैं। इन स्थानों की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक आस्था, शांत वातावरण और पर्यटन संभावनाओं को डिजिटल माध्यम से प्रस्तुत किया गया है. उनके द्वारा बनाए गए व्लॉग यूट्यूब एवं विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए जाएंगे, जिससे देश-विदेश के पर्यटक सिमडेगा की ओर आकर्षित हो सकेंगे.
लातेहार टूरिज्म के गोविंद पाठक ने बताया कि लातेहार और सिमडेगा क्षेत्र प्राकृतिक संपदा और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध हैं. संयुक्त प्रयासों के माध्यम से क्षेत्रीय पर्यटन को नई दिशा दी जा सकती है. डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए प्रचार-प्रसार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.