बरवाडीह
सड़ा चावल खाने से एक गाय की मौत, कई बीमार


लातेहार। जिले के बरवाडीह प्रखंड में सड़ा चावल खाने से एक गाय की मौत हो गयी है. जबकि कई गायें गंभीर रूप से बीमार हैं. घटना की जानकारी मिलते ही सांसद प्रतिनिधि दीपक राज मौके पर पहुंचे और मामले का जायजा लिया. उन्होंने घटना पर चिंता व्यक्त की और आपूर्ति पदाधिकारी सुमित तिवारी एवं बरवाडीह थाना प्रभारी अनुराग कुमार को इसकी जानकारी दी है. उन्होने दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने तथा प्रभावित पशुपालकों को उचित मुआवजा देने की मांग की है. घटना प्रखंड के ठूठाकुसुम की है. बताया जाता है कि ग्राम के एक स्कूल के पास किसी अज्ञात लोगोंं ने करीब 40 बोरा सड़ा हुआ चावल खुले में फेंक दिया है. कई गायो ने इन चावलों को खाया.
कुछ देर बाद ही गायों की तबीयत बिगड़ने लगी. इतने में एक गाय की मौत हो गयी. उक्त गाय सरस्वती देवी का था. इस घटना के बाद सरस्वती देवी का रो रो कर बुरा हाल है. सरस्वती देवी की तीन और गाय सड़ा चावल खाने से बीमार है. अब तक हजारों रूपये गायों की इलाज में खर्च हो गये. इसके अलावा पशुपालक अब्दुल सलाम, चन्दन देवी व शिला देवी समेत अन्य कई लोगों की गाये व अन्य मवेशी सड़ा चावल खाने से बीमार हो गयी. लोगों ने कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में यहां सड़ा चावल किसने फेका. क्या यह जन वितरण प्रणाली दुकान का चावल है, इसकी जांच आवश्यक है. 