लातेहार। अखिल भारत वर्षीय यादव महासभा, झारखंड इकाई के जिला अध्यक्ष मोहर सिंह यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन उपायुक्त केए ओएसडी कुमार श्रेयांश को सौंपा गया. ज्ञापन के माध्यम से विवादित फिल्म यादव जी की लव स्टोरी पर अविलंब रोक लगाने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि ओम ठकुरानी प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित फिल्म यादव जी की लव स्टोरी के पोस्टर, ट्रेलर एवं सोशल मीडिया प्रचार सामग्री में यादव समाज की छवि को कथित रूप से अपमानजनक और विकृत ढंग से प्रस्तुत किया गया है। इससे समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। जिला अध्यक्ष मोहर यादव ने कहा कि यादव समाज ने सदैव राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी वर्ग या समुदाय के स्वाभिमान एवं गौरवशाली इतिहास को गलत संदर्भ में प्रस्तुत कर उसकी छवि धूमिल करना स्वीकार्य नहीं है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि फिल्म की सामग्री से सामाजिक सद्भाव प्रभावित होने की आशंका है तथा समाज के प्रति नकारात्मक धारणा उत्पन्न हो सकती है। प्रतिनिधिमंडल ने फिल्म पर तत्काल रोक लगाने तथा निर्माण संस्था के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस अवसर पर बृंद बिहारी यादव, चेतन यादव,फूलचंद यादव, दरोगी यादव, ऊषा देवी, मनोज यादव , बालेश्वर यादव सहित समाज के कई सदस्य उपस्थित रहे। महासभा ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने की अपील की है।