लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार के द्वारा भूसुर पंचायत अंतर्गत निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया. इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कार्य एजेंसियों से निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परिसर में प्रस्तावित विभिन्न खेल अवसंरचनाओं एवं अन्य विकास कार्यों का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न हों. बारिश के मौसम को देखते हुए उपायुक्त ने विशेष रूप से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तक पहुंच मार्ग (रोड) का निर्माण शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि वर्षा के कारण आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए. मौके पर उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, उप निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रभारी पदाधिकारी डीएमएफटी मेरी मड़की के अलावा संबंधित विभाग के पदाधिकारी, संबंधित कार्यपालक अभियंता एवं अन्य संबंधित उपस्थित थे.