file_00000000e26881faa494f42ec61df763
Untitled-1 copy
latehar-tuiris
RPDD new
dps 1 b
carnival 1
alisha 4 6
lps
झारखंडलातेहार

राज्य की हेमंत सरकार बहीराजाडा सांप की तरह सोई हुई है: प्रकाश राम

लातेहार। स्थानीय विधायक प्रकाश राम ने एक बार फिर राज्य की झारखंड मुक्ति मोर्चा नीत सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और कथित भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर सवाल उठाए। बुधवार को लातेहार परिसदन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि केवल लातेहार ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं। सरकार जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है और राज्य की खनिज संपदाओं की लूट हो रही है। विधायक प्रकाश राम ने आरोप लगाया कि राज्य में सड़क निर्माण कार्यों में भारी अनियमितताएं और भ्रष्टाचार व्याप्त है। उन्होंने कहा कि लातेहार विधानसभा क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़कें पिछले कई वर्षों से निर्माण की प्रतीक्षा कर रही हैं। खराब सड़कों के कारण ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई गांवों में आवागमन तक मुश्किल हो गया है, जिससे क्षेत्र का समुचित विकास प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को लेकर वे कई बार राज्य सरकार के समक्ष अपनी बात रख चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सरकार की कार्यशैली पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो सरकार ने अपने कानों में रूई डाल रखी हो और जनता की आवाज सुनने को तैयार ही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार विकास कार्यों की बजाय केवल सत्ता बचाने और संसाधनों की लूट में लगी हुई है। प्रकाश राम ने कहा कि लातेहार सहित पूरे राज्य की जनता बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशान है। सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं पर सरकार का ध्यान नहीं है। उन्होंने मांग की कि लंबित विकास योजनाओं को शीघ्र पूरा किया जाए और सड़क निर्माण सहित अन्य परियोजनाओं में हो रही अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार जल्द जनता की समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाती है, तो आम लोगों का आक्रोश और बढ़ेगा। विधायक ने विश्वास जताया कि जनता आने वाले समय में विकास और जनहित के मुद्दों पर उचित निर्णय लेगी।

Nihit

निहित कुमार, नगर संवाददाता, शुभम संवाद, लातेहार

Nihit

निहित कुमार, नगर संवाददाता, शुभम संवाद, लातेहार

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!