लातेहार
उपायुक्त ने जल जीवन मिशन की समीक्षा की

लातेहार। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज–टू एवं जल जीवन मिशन के तहत संचालित कार्यों के सफल क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा को लेकर 16 मार्च को उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई.’बैठक के दौरान उपायुक्त ने दोनों योजनाओं के तहत जिले में चल रहे कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज–II के अंतर्गत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए सभी निर्धारित गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए. जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर चल रहे कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई. उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पाइप जलापूर्ति योजनाओं के कार्यों में गुणवत्ता एवं समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए. उन्होंने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के लक्ष्यों को समय पर प्राप्त करने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके. बैठक में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल कार्यपालक अभियंता दीपक महतो, संबंधित विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे.



