लातेहार। धर्मपुर स्थित श्री दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में दुर्गा पूजा आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रमेश कुमार गुप्ता ने की, जबकि संचालन अमलेश कुमार सिंह ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं समिति के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से मनमोहन राम को पूर्व की भांति पुनः अध्यक्ष चुना गया। वहीं रमेश कुमार गुप्ता, वीरेंद्र प्रसाद, अनिल सिंह, पवन कुमार गुप्ता एवं अनुज कुमार गुप्ता को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसी क्रम में रंजीत पांडे को पूर्व की भांति कोषाध्यक्ष बनाया गया। अमलेश कुमार सिंह को महासचिव की जिम्मेदारी दी गई। वहीं सचिव पद के लिए रविंद्र अग्रवाल, रवि कुमार वर्मा, मंचू प्रसाद, पंकज कुमार एवं निशांत प्रियदर्शनी का चयन सर्वसम्मति से किया गया। अध्यक्ष मनमोहन राम ने समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि सभी के सहयोग और आपसी समन्वय से इस वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन भव्य एवं शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा। उन्होंने पूजा आयोजन को सफल बनाने के लिए ग्रामीणों से सक्रिय सहयोग की अपील की। इसके बाद बैठक का समापन किया गया।