लातेहार। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण का आयोजन किया गया. जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र से आए लोगों ने अपनी अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा. उपायुक्त ने सबों की समस्यायें सुनी और शिकायतों के समाधान भरोसा दिया. कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं संवेदनशील समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है. इसी क्रम में जन शिकायत निवारण कार्यक्रम के दौरान प्राप्त एक आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर एक दिव्यांग लाभुक को इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई. सदर प्रखंड के हुंडरू ग्राम निवासी शिबू उरांव ने आवेदन देकर बताया था कि वे शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं तथा चलने-फिरने में अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ता है. उन्होंने दैनिक आवागमन एवं सामान्य जीवन को सुगम बनाने के लिए इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था. इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल पा कर वह काफी खुश दिखा. उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुँचाना है. जन शिकायत निवारण कार्यक्रम आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है और प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है. लाभुक एवं उनके परिजनों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल मिलने से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा तथा उनकी दैनिक गतिविधियाँ पहले की अपेक्षा अधिक सुगम हो सकेंगी.