लातेहार
जिला शिक्षा अधीक्षक ने किया विद्यालय का निरीक्षण, एमडीएम पर जताई नाराजगी

लातेहार। जिला शिक्षा अधीक्षक ऋषिकेश कुमार ने सोमवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय, भूसुर का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उनकी समस्याओं और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली. जिला शिक्षा अधीक्षक ने विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन योजना की भी जांच की. उन्होंने बच्चों से भोजन की गुणवत्ता, मेन्यू तथा नियमितता के संबंध में जानकारी ली. बच्चों ने बताया कि विद्यालय में निर्धारित रूटीन और मेन्यू के अनुसार नियमित रूप से भोजन उपलब्ध नहीं कराया जाता है. बच्चों की शिकायत सुनने के बाद जिला शिक्षा अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय प्रबंधन एवं स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों को कड़ी फटकार लगाई. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकार द्वारा निर्धारित मेन्यू एवं नियमों के अनुसार ही बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जाए. बच्चों के भोजन में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. निरीक्षण के दौरान झामुमो जिला प्रवक्ता लातेहार सुशील कुमार यादव ने जिला शिक्षा अधीक्षक को विद्यालय की अन्य समस्याओं से अवगत कराया.



