लातेहार। जिले के चंदवा प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान एएनएम के द्वारा लापरवाही बरतने का मामला प्रकाश में आया है. मामला गुरुवार का है. बताया जाता है कि चंदवा प्रखंड के सासंग पंचायत की कीता ग्राम की सविता देवी पति सुरेश गंझु को प्रसव के लिए सीएचसी लाया गया था. सविता देवी का आरोप है कि उसके गर्भ में जुड़वा बच्चे थे. जिसमें पहले शिशु के प्रसव के दौरान सीएचसी में एएनएम की लापरवाही से नवजात के गर्दन की हड्डी एवं हाथ ही हड्डी तीन जगह से टूट गई है. सविता की तकलीफ बढ़ने के बाद आनन फानन में उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया. जिसके बाद परिजन उसे लेकर चंदवा के एक निजी अस्पताल पहुंचे. वहां दूसरे बच्चे का जन्म ऑपरेशन से हुआ. प्रसूता ने जिला प्रशासन से दोषी स्वास्थ्यकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की गुहार भी लगाया है. दूसरी ओर मामले में सीएचसी प्रबंधन मामले में पल्ला झाड़ती नजर आ रही है. इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में काफी रोष है.बता दें कि पिछले सप्ताह इसी केंद्र की एएनएम पर लापरवाही का आरोप लगा था, जिसमें एक प्रसूता की मौत प्रसव के दौरान हो गयी थी.
क्या कहती हैँ सीएचसी प्रभारी डॉ नीलिमा
मामले को लेकर पूछे जाने पर सीएचसी प्रभारी नीलिमा कुमारी ने बताया कि हमारी एएनएम के द्वारा प्रसूता की निगरानी लंबे समय से की जा रही थी. प्रसूता को पूर्व में ही बता दिया गया था कि जुड़वा बच्चा है. उसकी डिलीवरी सदर अस्पताल में होगी. लेकिन गुरुवार को प्रसव पीड़ा के बीच प्रसूता अस्पताल लाई गई थी. यहां से उसे रेफर किया गया था. प्रबंधन की ओर से कोई लापरवाही नहीं बरती गई है.