महुआडांड़ (लातेहार)। शनिवार की रात जंगली एक हाथी ने महुआडांड़ वन प्रक्षेत्र के अक्सी बीट के बदौधी गांव में जम कर उत्पात मचाया है. इसे ले कर ग्रामीण दहशत में हैं. जंगली हाथी ने गांव निवासी सुरेश्वर मुंडा के के दूसरे घर पर हमला कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. घर में रखी लकड़ी के चौकी को तोड़ दिया और घरेलू सामान भी नष्ट कर दिया. इसके अलावा हाथी ने करमखाड़ गांव के दो किसानों के खेतों में लगी धान की नर्सरी (बिछड़ा) को भी पूरी तरह चट कर दिया. धान की नर्सरी नष्ट होने से किसानों के सामने खेती को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है. किसानों ने चिंता जताई कि अब समय पर धान की रोपाई कैसे होगी. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन किया. प्रभारी वनपाल ओम प्रकाश पाल ने बताया कि प्रभावित स्थल का निरीक्षण कर क्षति का आकलन किया गया है. पीड़ितों से आवेदन प्राप्त होते ही नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.