एसओई, लातेहार स्कूल में परीक्षार्थी और अभिभावकों की भीड़
लातेहार। कार्यालय, समेकित जनजाति विकास अभिकरण (आईटीडए) लातेहार के द्वारा संचालित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय एवं आश्रम आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026–27 में नामांकन हेतु प्रवेश परीक्षा आठ मार्च को ली जारी है. कक्षा छह, सात और आठ में नामांकन के लिए यह प्रवेश परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है. प्रथम पाली में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय के वर्ग छह में नामांकन लिए परीक्षा पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 01:00 बजे तक आयोजित की गयी. जबकि द्वितीय पाली में आश्रम आवासीय विद्यालय के वर्ग छह, सात और आठ में नामांकन के लिए परीक्षा अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक ली जायेगी. बता दें कि इन परीक्षाओं के लिए जिले में कुल सात परीक्षा केद्र बनाये गये हैं. एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय के लिए 2198 परीक्षार्थी एवं आश्रम आवासीय विद्यालय के लिए 2798 परीक्षार्थी निबंधित हैं. उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के निदेश पर परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्राधीक्षक एवं वीक्षक की प्रतिनियुक्ति की गई है तथा सभी आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं. समाचार लिखे जाने तक प्रथम पाली में सभी परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त परीक्षा संपन्न की गयी है.