लातेहार। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के विकास अधिकारी, लातेहार देवजीत बनर्जी के सेवानिवृत्त होने पर स्थानीय एक होटल में विदाई समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में एलआईसी के अभिकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने नम आंखों से उन्हें भावभीनी विदाई दी. इस अवसर पर वक्ताओं ने देवजीत बनर्जी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ किया. उनके कार्यकाल के दौरान एलआईसी के कार्यों को आगे बढ़ाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा. सेवानिवृत्ति के दौरान श्री बनर्जी ने कहा कि नौकरी का दौर जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है. वर्षों तक सहकर्मियों और बीमा धारकों के साथ काम करते हुए जो स्नेह, सम्मान और अपनापन मिला, उसे वे कभी नहीं भूल पाएंगे. उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत जरूर है, लेकिन लोगों से बने रिश्तों का अंत नहीं. बीमा अभिकर्ता बद्री प्रसाद ने कहा कि अपने कार्यकाल में श्री बनर्जी ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया. उनके व्यवहार और कार्यशैली से सहकर्मियों एवं अभिकर्ताओं को हमेशा प्रेरणा मिली. बीमा अभिकर्ता देवाशीष कुमार ने भी श्री बनर्जी के कार्यकाल की प्रशंसा की और कहा कि श्री बनर्जी के साथ उनका व्यक्तिगत संबंध में भी था. श्री बनर्जी की कमी कार्यस्थल पर हमेशा महसूस होगी और उनके साथ बिताए गए अनुभव सभी के लिए यादगार रहेंगे. समारोह में उपस्थित लोगों ने बनर्जी दंपति के स्वस्थ, सुखमय एवं सफल सेवानिवृत्त जीवन की कामना की. विदाई के दौरान उपस्थित लोगों ने श्री बनर्जी एवं उनकी पत्नी को शॉल, पुष्पगुच्छ और उपहार भेंट किया. समारोह का माहौल भावुक रहा और सभी ने उनके साथ बिताए कार्यकाल की यादें साझा की. मौके पर बीमा अभिकर्ता संजय दुबे, सतीष पांडेय, कृष्णकांत दुबे, उिदत रात, अवधेश प्रसाद, रविंद्र अग्रवाल, दिनेश प्रसाद, मोती अग्रवाल, प्रेमचंद, संतज्ञान शुक्ला आदि मौजूद थे.