लातेहार। समाहरणालय सभागार में चतरा सांसद कालीचरण सिंह की अध्यक्षता में जिला खनीज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) न्यास परिषद की बैठक का आयोजन किया गया. बैठक के दौरान न्यास परिषद के सदस्यों के समक्ष बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया गया तथा जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट अंतर्गत संचालित एवं प्रस्तावित विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई. इस दौरान समिति द्वारा 186 प्राप्त प्रस्तावों को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया. जिसमें उच्च प्राथमिकताओं में 17 और निम्न प्राथमिकताओं में 169 योजनाएं ली गई है. इस दौरान सभी सदस्यों को सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गयी. डीएमएफटी के तहत उपलब्ध राशि व योजनाओं के चयन के प्राावधानों को बताया गया. जानकारी देते हुए उप विकास आयुक्त ने बताया कि डीएमएफटी की राशि खनन से प्रभावित पंचायत क्षेत्रों (प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से) प्रभावित हो रहा है वहीं किया जाना है. इसके लिए ग्राम सभा के माध्यम से योजनाओं का चयन किया जाता है. बैठक में विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की मांग को सभी के समक्ष रखा. सांसद ने कहा कि डीएमएफटी निधि का उपयोग खनिज प्रभावित क्षेत्रों के समग्र विकास एवं स्थानीय निवासियों के जीवन स्तर में सुधार हेतु प्राथमिकता के आधार पर किया जाए. इस दौरान उपायुक्त ने चतरा सांसद कालीचरण सिंह, राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम, लातेहार विधायक प्रकाश राम व मनिका विधायक रामचंद्र सिंह को स्मृति चिन्ह व शॉल भेंट किया. मौके पर जिले के कई वरीय अधिकारी, न्यास परिषद के सदस्य व अन्य जनप्रतिनिधि आदि मौजूद थे.