लातेहार: जिला मुख्यालय समेंत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रंगों का उत्सव होली 15 मार्च को धूमधाम एवं पारंपरिक तरीके से मनाया गया. शनिवार को होली के अवसर पर लोगों ने एक दूसरे को जम कर रंग लगाया. कई जगहों पर तो कपड़ा फाड़ होली तक खेली गयी. दोपहर के बाद लोगों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगा कर होली की शुभकामनायें दी. बच्चों में होली को लेकर खासा उत्साह देखा गया. बच्चों की टोलियां हाथों में पिचकारी लेकर राहगीरों एवं अन्य लोगों को रंग लगाते देखे गये. उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक आवास में भी जम कर होली खेली गयी. चैंबर ऑफ कॉमर्स के लोगों ने उपायुक्त आवास पहुंच कर उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता एवं अन्य अधिकारियों को रंग अबीर लगा कर होली की शुभकामनायें दी. मौके पर अशोक कुमार महलका एवं बमशंकर सिंह की मंडली के अन्य लोक कलाकारों ने एक से बढ़ कर एक पारंपरिक होली के गीत गाये.
मौके पर सेवानिवृत उप विकास आयुक्त सुरजीत कुमार सिंह, अपर समार्हता रामा रविदास, अनुमंडल पदाधिकारी अजय कुमार रजक के अलावा सुशील कुमार अग्रवाल, रामनाथ अग्रवाल, महेंद्र प्रसाद शौंडिक, गजेंद्र प्रसाद, पवन कुमार गुप्ता, निर्दोष कुमार, सुनील कुमार शौंडिक, अनूप कुमार महलका, रंजन कुमार शौंडिक, विशाल भास्कर आदि मौजूद थे.
हर में लगाये गये थे ध्वनि विस्तारक यंत्र
होली को लेकर शहर के तकरीबन हर चौक चौराहों में लगाये गये ध्वनि विस्तारक यंत्रों में होली के गीत बज रहे थे. पारंपरिक गीतों पर युवकों को जम कर झुमते देखा गया. हालांकि होली में कहीं से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है. पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश शहर के सभी चौक चौराहे एवं अन्य संवेदनशील जगहों पर पुलिस बल की तैनाती की गयी थी.
खुब बिके मांस व मदिरा
होली के मौके पर मांस एवं मदिरा की जम कर बिक्री हुई. शहर के तकरीबन हर मांस विक्रेताओं के पास लोगों की कतार लगी हुई थी. बाजार में आठ सौ रूपये तक खस्सी के मीट बिक रहे थे. हालांकि होली को लेकर शराब दुकान बंद थे, लेकिन पीने वालों ने जुगाड़ कर ही लिया.