लातेहार
माताओं को स्तनपान एवं बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के महत्व को बताएं: डीडीसी

लातेहर। विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर जिला समाज कल्याण विभाग, लातेहार द्वारा बुधवार को समाहरणालय में विभिन्न प्रखंडों की बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं महिला पर्यवेक्षक के साथ उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद की अध्यक्षता में बैठक कर स्तनपान के महत्व और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के विभिन्न आयामों पर चर्चा करते हुए प्रचार प्रसार करने हेतु प्रेरित किया गया. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि शिशु के स्वस्थ विकास एवं मातृ स्वास्थ्य के लिए स्तनपान अत्यंत आवश्यक है. विश्व स्तनपान सप्ताह का उद्देश्य माताओं,परिवारों एवं समाज को स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा नवजात शिशुओं को जीवन के प्रारंभिक छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने* के लिए प्रेरित करना है. जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीणों के बीच बैठक कर स्तनपान के लाभ, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संतुलित पोषण तथा कुपोषण की रोकथाम से संबंधित संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे. साथ ही, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के संदेश को जन जन तक पहुंचाएंगे. इस दौरान आमजन को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी उपलब्ध कराई जाए. कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सविता कुमारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी अनीता कुमारी एवं विभिन्न प्रखंडों की महिला पर्यवेक्षक उपस्थित थी.



