लातेहार। मुर्हरम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से लातेहार जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है. जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है, ताकि लोगों में सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल कायम रहे तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके. गुरूवार लातेहार जिला मुख्यालय में फ्लैग मार्च निकाला गया इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार ने लोगों से आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. उन्होंने यह भी बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रशासन की कड़ी नजर है, ताकि कोई भी व्यक्ति भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली सामग्री प्रसारित न कर सके। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप कुमार गुप्ता ने असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि पर्व के दौरान शांति भंग करने या किसी प्रकार का उपद्रव फैलाने का प्रयास करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी. जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, गश्त और संवेदनशील इलाकों की निगरानी बढ़ा दी गई है. फ्लैग मार्च में सीओ नंदकुमार राम, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन व थाना प्रभारी प्रमोद सिन्हा सहित भारी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल थे. जिले के अन्य कई थाना व ग्रामीण क्षेत्रों में भी फ्लेग मार्च किया गया.