लातेहार। शुक्रवार को राजधानी नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में लातेहार जिले को टॉप परफॉर्मिंग डिस्ट्रिक्ट के पुरस्कार से नवाजा गया है. यह सम्मान आदि कर्मयोगी अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य एवं जनजातीय सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए नवाचारपूर्ण प्रयासों के लिए प्रदान किया गया है. यह प्रतिष्ठित सम्मान भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया गया. इस अवसर पर देशभर के राज्यों और जिलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे. यह पुरस्कार लातेहार जिले द्वारा आदि कर्मयोगी अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में प्राप्त उत्कृष्ट उपलब्धियों की मान्यता के रूप में दिया गया है. उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने इस सम्मान को लातेहार जिले के प्रत्येक पदाधिकारी, कर्मी और आमजन की मेहनत का परिणाम बताया. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि लातेहार के जनजातीय समाज की सक्रिय भागीदारी और टीमवर्क की मिसाल है. हमारा लक्ष्य यही रहेगा कि हर जनजातीय ग्राम ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना का सशक्त केंद्र बने.