लातेहार। सदर अस्पताल, लातेहार मे दो जुलाई को सीटी स्कैन चिकित्सीय उपकरण केंद्र का शुभारंभ किया गया. चतरा सांसद कालीचरण सिंह, राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम, मनिका विधायक रामचंद्र सिंह व उपायुक्त संदीप कुमार ने संयुक्त रूप से इस केंद्र का उदघाटन किया. प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना के तहत डीएमएफटी फंड से सदर अस्पताल मेंसीटी स्कैन उपकरण केंद्र का अधिष्ठापन किया गया है. इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर किया. मौके पर संबोधित करते हुए सांसद श्री सिंह ने कहा कि यह लातेहार के लिए एक बड़ी उपलब्धि है. उन्होने कहा कि लातेहार में चिकित्सा के क्षेत्र मे वह सब उपलब्धियां हासिल हो रही है. जो प्रमंडल स्तर पर नहीं है.
राज्यसभा सांसद श्री राम ने भी इसे लातेहार के लिए एक सुनहरा व ऐतिहासिक दिन बताया. उन्होने कहा कि अब सीटी स्कैन के लिए लोगों को रांची या अन्य बड़े शहरो में जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी, वह सुविधा उन्हें सदर अस्पताल में ही मिलेगी. इसके लिए उन्होने जिला प्रशासन व अस्पताल प्रबंधन को बधाई दी.
मनिका विधायक श्री सिंह ने कहा कि कोरोना काल से ही यहां चिकित्सीय सुविधायें बेहतर हो रही है. आने वाले दिनों में लातेहार जिला चिकित्सा के क्षेत्र में पूरे प्रदेश में आगे होगा. मौके पर उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, सिविल सर्जन डा राजमोहन खलखो, डीएमएफटी की प्रभारी पदाधिकारी मेरी मड़की के अलावा भाजपा नेता पंकज सिंह, अमलेश सिंह, अनिल कुमार सिंह, डा चंदन सिंह, हरिशंकर यादव, प्रभात कुमार, सुदामा प्रसाद गुप्ता, सुशील कुमार यादव, अंकित पांडेय, साजन कुमार, चंदन कुमार व मनोज पासवान आदि मौजूद थे.