लातेहार। दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के तुबेद कोल माइंस, लातेहार द्वारा अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व पहल के तहत क्षेत्र के बच्चों एवं युवाओं में खेल प्रतिभा के विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “त्रिनेत्रा तीरंदाजी अकादमी” का उद्घाटन गुरुवार को त्रिनेत्रा आर्चरी ग्राउंड, डीवीसी तुबेद कोल माइंस, लातेहार में किया गया. समारोह के विशिष्ट अतिथियों में एसके. पांडा (सदस्य तकनीकी, डीवीसी), एसएस दास (सदस्य सचिव, डीवीसी), अमितांजन नंदी (कार्यकारी निदेशक, माइनिंग) तथा बीजी होल्कर (उप महाप्रबंधक-सीएसआर, मुख्यालय) शामिल थे. कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण भारत के प्रख्यात तीरंदाज एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता डोला बनर्जी (अर्जुन पुरस्कार, 2005) तथा राहुल बनर्जी (अर्जुन पुरस्कार, 2011) रहे. दोनों खिलाड़ियों ने अकादमी के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित बच्चों एवं युवाओं को खेलों में अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के महत्व पर प्रेरक संदेश दिया. समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पगुच्छ भेंट के साथ हुआ. इसके पश्चात विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम के दौरान त्रिनेत्रा आर्चरी अकादमी की गतिविधियों, प्रशिक्षण सुविधाओं एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी गई. मुख्य अतिथियों ने अकादमी परिसर का निरीक्षण किया, प्रशिक्षण सुविधाओं का अवलोकन किया तथा फीता काटकर एवं स्मारक पट्टिका का अनावरण कर अकादमी का औपचारिक उद्घाटन किया.।इस अवसर पर मध्य विद्यालय कुंदरी एवं एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक एवं खेल संबंधी प्रस्तुतियां भी दी गईं. अर्जुन पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों द्वारा प्रतीकात्मक तीरंदाजी प्रदर्शन ने उपस्थित दर्शकों का विशेष उत्साहवर्धन किया. अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि यह अकादमी ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करेगी. डीवीसी की यह पहल क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा युवाओं को सकारात्मक अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ.