महुआडांड़ (लातेहर)। नेतरहाट आवासीय विद्यालय के ऑडिटोरियम में शनिवार को मॉडल यूथ ग्राम सभा (MYGS) का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। दीप प्रज्वलन में नेतरहाट पंचायत के मुखिया राम विशुन नागेशिया, विद्यालय के प्राचार्य संतोष कुमार पाठक, कार्यक्रम के मूल्यांकन के लिए पहुंचे बीआरपी नाहिद जमाल, पीरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम मैनेजर निहाल मिश्रा एवं प्रोग्राम लीडर तनिमा घोष उपस्थित रहे. दीप प्रज्वलन के बाद छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया. इसके बाद मॉडल यूथ ग्राम सभा की कार्यवाही शुरू हुई। विद्यालय के नोडल शिक्षक बिनोद टोप्पो ने स्वागत संबोधन करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की. उन्होंने विद्यार्थियों को मॉडल यूथ ग्राम सभा के लिए प्रशिक्षण दिया था तथा पूरी गतिविधि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. वहीं पीरामल फाउंडेशन के गांधी फेलो सूहान रजा ने भी बच्चों की तैयारी एवं प्रशिक्षण में सहयोग किया. मॉडल यूथ ग्राम सभा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने वास्तविक ग्राम सभा की कार्यप्रणाली को समझते हुए विभिन्न भूमिकाएं निभाईं। विद्यार्थियों ने मुखिया, उपमुखिया, पंचायत सचिव एवं अन्य पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका में ग्राम सभा की कार्यवाही का जीवंत प्रदर्शन किया। इस दौरान स्थानीय स्तर से जुड़े विभिन्न मुद्दों को सभा में रखा गया तथा उन पर चर्चा, सवाल-जवाब और समाधान की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया.कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के अलावा बड़ी संख्या में अभिभावक, ग्रामीण, वार्ड सदस्य एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। ऑडिटोरियम में उपस्थित दर्शकों ने बच्चों के प्रदर्शन को उत्साहपूर्वक देखा और उनकी प्रस्तुति की सराहना की. मॉडल यूथ ग्राम सभा की सबसे खास बात विद्यार्थियों का आत्मविश्वास रहा। बच्चों ने बिना किसी झिझक के ग्राम सभा के मुद्दों को रखा और एक-दूसरे के सवालों एवं परिस्थितियों का प्रभावी ढंग से सामना किया। मुखिया की भूमिका निभाने वाले छात्र प्रियांशु ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। पंचायत सचिव की भूमिका श्रेयस तथा उपमुखिया की भूमिका साक्षी पांडे ने निभाई। इसके अलावा जय मंडल, मनीष मंडल, आयुष, अक्षांश गहलोत सहित कई छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग भूमिकाओं में सक्रिय सहभागिता निभाई।
मुखिया ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की
कार्यक्रम के समापन के बाद नेतरहाट पंचायत के मुखिया राम बिषुण नागेशिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों ने ग्राम सभा की भूमिका एवं जिम्मेदारियों को काफी बेहतर तरीके से प्रस्तुत किया। उन्होंने विशेष रूप से मुखिया की भूमिका निभाने वाले छात्र के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उसका अभिनय देखकर ऐसा लगा कि जैसे वास्तविक मुखिया वही हो।
मुखिया ने ग्राम सभा में युवाओं की भागीदारी की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ग्राम सभा में युवाओं की भागीदारी अपेक्षाकृत कम दिखाई देती है। ऐसे में मॉडल यूथ ग्राम सभा जैसी पहल युवाओं को स्थानीय लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी भविष्य के मतदाता और समाज के जिम्मेदार नागरिक हैं। इसलिए उन्हें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों, जिम्मेदारियों और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की भी जानकारी होना आवश्यक है।
कार्यक्रम के मूल्यांकन के लिए पहुंचे बीआरपी नाहिद जमाल ने भी विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों ने अपेक्षा से बेहतर प्रदर्शन किया। जिस आत्मविश्वास के साथ विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी भूमिकाएं निभाईं, वह सराहनीय है। उन्होंने कार्यक्रम की पूरी प्रस्तुति एवं बच्चों के प्रयास पर प्रसन्नता व्यक्त की।
मॉडल यूथ ग्राम सभा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, निर्णय लेने की क्षमता तथा स्थानीय स्वशासन की समझ विकसित करना है। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को ग्राम सभा की कार्यप्रणाली को केवल किताबों में पढ़ने के बजाय स्वयं भूमिका निभाकर व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के बाद विद्यालय की ओर से उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों, ग्रामीणों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। बच्चों की सक्रिय भागीदारी और दर्शकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने मॉडल यूथ ग्राम सभा को सफल एवं यादगार बना दिया।