महुआडांड़/नेतरहाट(लातेहार) इंजीनियरिंग दिवस के अवसर पर मंगलवार, 15 सितंबर 2026 को गुमला पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में विज्ञान एवं तकनीकी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में नेतरहाट आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान छात्रों ने विभिन्न इंजीनियरिंग मॉडल, आधुनिक तकनीक और नवाचार से संबंधित प्रदर्शों का अवलोकन किया तथा उनके कार्य करने के तरीके और उपयोगिता के बारे में जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी के दौरान नेतरहाट आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों में विज्ञान एवं तकनीक को लेकर विशेष उत्सुकता देखने को मिली। छात्रों ने विभिन्न मॉडलों को बारीकी से समझने के साथ-साथ प्रदर्शनी में मौजूद विशेषज्ञों एवं विद्यार्थियों से तकनीकी विषयों से संबंधित जानकारी भी ली। विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए यह आयोजन केवल प्रदर्शनी देखने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्हें आधुनिक तकनीक, इंजीनियरिंग और नवाचार की दुनिया को करीब से समझने का अवसर मिला। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में तकनीकी एवं इंजीनियरिंग क्षेत्र में करियर की संभावनाओं से परिचित कराने में सहायक साबित होते हैं।