बालूमाथ (लातेहार)। बालूमाथ थाना पुलिस ने हथियार के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी सिक्सर और एक स्टील का फोल्डिंग धारदार चाकू बरामद किया है. इस मामले में पुलिस ने कांड संख्या 117/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बालूमाथ थाना क्षेत्र के चेताग गांव निवासी धनंजय पांडेय, पिता राजकुमार पांडेय तथा तल्केश्वर ठाकुर, पिता लक्ष्मण ठाकुर के रूप में की गई है.
इस संबंध में गुरुवार को थाना प्रभारी अनुभव सिंहा ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों आरोपियों के द्वारा चेताग स्थित पंचायत भवन के समीप हथियार लहराकर लोगों को डराया और धमकाया जा रहा है. सूचना के आधार पर टीम गठित कर की गई कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से एक देशी सिक्सर तथा एक स्टील का फोल्डिंग धारदार चाकू बरामद किया गया. इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 352, 351(2), 109(2) एवं 35 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a/26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. कार्रवाई के लिए गठित छापेमारी दल में एसआई मनोज कुमार, एसआई अभिषेक कुमार, एएसआई प्रतिमा खलको सहित बालूमाथ थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.