लातेहार। झारखंड वॉलीबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में दुमका जिला वालीबॉल एसोसिएशन के सहयोग से दुमका के गांधी मैदान में 23 से 25 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली नौ वीं मिनी (अंडर-14) झारखंड राज्य अंतर-जिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता (बालक एवं बालिका) में भाग लेने हेतु लातेहार जिला की बालक एवं बालिका वॉलीबॉल टीम आज दुमका के लिए रवाना हो गई है. खिलाड़ियों के दल को झारखंड वॉलीबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सह लातेहार जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष पंकज तिवारी ने खिलाड़ियों को बधाई व शुभकामनाएँ देकर दुमका के लिए रवाना किया. इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लातेहार के बाल खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा है और वे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे. टीम का नेतृत्व व मार्गदर्शन प्रशिक्षक सह लातेहार जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के सचिव प्रवीण मिश्रा कर रहे हैं. प्रतियोगिता में भाग ले रही लातेहार जिला की चयनित बालिका टीम में काव्या कुमारी (कप्तान), राजनंदिनी कुमारी, रागनी कुमारी, प्राची कुमारी, पूर्णिमा कुमारी, अंजली कुमारी, आराध्या कुमारी, तनुप्रिया कुजूर टीम मैनेजर शिल्पा कुमारी तथा बालक टीम में अनुराग कुमार (कप्तान), शाकिब रज़ा, अशरफ अली, अमन रज़ा, एम.डी. कौसैन, एम.डी. रैयान के नाम शामिल है. टीम की रवानगी के अवसर पर खेल प्रेमियों, एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अभिभावकों ने सभी खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक को उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं जीत के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं.