झारखंड
मनिका स्वास्थ्य केंद्र में मरीज के परिजनों से दुर्व्यवहार का आरोप
जेएलकेएम जिलाध्यक्ष निशांत यादव ने की कार्रवाई की मांग

सांप काटने के बाद इलाज नहीं मिलने का आरोप
लातेहार। मनिका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीज फूलपति देवी के परिजनों के साथ कथित दुर्व्यवहार और समय पर इलाज नहीं मिलने का मामला सामने आया है. इस मामले को लेकर जेएलकेएम के लातेहार जिला अध्यक्ष निशांत यादव ने स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी को शिकायत पत्र सौंपकर दोषी कर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होनेे शिकायत पत्र में कहा कि फूलपति देवी को सांप ने काट लिया था. परिजन उन्हें इलाज के लिए मनिका स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे. आरोप है कि अस्पताल में तैनात तबारक अंसारी ने मरीज के परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा गाली-गलौज कर उन्हें वहां से भगा दिया. निशांत यादव ने इस घटना से संबंधित वीडियो साक्ष्य भी उनके पास उपलब्ध होने का दावा किया है. शिकायत में कहा गया है कि कथित दुर्व्यवहार के कारण मरीज को समय पर उपचार नहीं मिल सका. इसके बाद परिजन फूलपति देवी को बेहतर इलाज के लिए डालटनगंज ले गए, जहां उनकी मौत हो गई. घटना को गंभीर बताते हुए निशांत यादव ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मी के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है.



