लातेहार। नगर पंचायत लातेहार द्वारा गुरुवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान मांको मोड़ स्थित एक होटल एवं मुर्गा दुकान के खिलाफ कार्रवाई की गई. निरीक्षण के दौरान दोनों व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का संचालन बिना ट्रेड लाइसेंस के किया जा रहा था. जांच के क्रम में संबंधित दुकानदार ट्रेड लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके अलावा, दुकानों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर बहाया जा रहा था, जिससे सड़क पर गंदगी फैल रही थी और आम लोगों को परेशानी हो रही थी. नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत की टीम ने संबंधित दुकानों को सील कर दिया. नगर पंचायत की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य व्यवसायियों को भी नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया है. व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का संचालन निर्धारित नियमों के अनुसार करने तथा साफ-सफाई बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया गया. बता दें कि बाईपास रोड में भी नरेश होटल के पास नियमों का अनुपालन नहीं कर दुकान संचालित किया जा रहा है.