महुआडांड़ (लातेहार)। वाणिज्य कर विभाग, झारखंड सरकार, रांची के आदेशानुसार महुआडांड़ पंचायत भवन में शनिवार को वस्तु एवं सेवा कर (GST) तथा झारखंड पेशेवर/व्यवसायिक कर (JPT) निबंधन के लिए अनुमंडल स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का आयोजन राज्य कर संयुक्त आयुक्त, पलामू अंचल, डालटनगंज के निर्देशन में तथा राज्य कर पदाधिकारी वीर सिंह होरो की उपस्थिति में किया जा रहा है. शिविर में व्यापारियों, व्यवसायियों एवं अन्य पात्र लाभार्थियों का जीएसटी एवं जेपीटी निबंधन किया जा रहा है. निबंधन का कार्य शाम चार बजे तक जारी रहेगा. विभाग की ओर से बताया गया कि निबंधन कराने के लिए लाभार्थियों को आधार कार्ड, पैन कार्ड, ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर, पता प्रमाण (बिजली बिल अथवा रेंट एग्रीमेंट), पासपोर्ट आकार का फोटो तथा बैंक खाते का विवरण साथ लाना अनिवार्य है. विभाग ने क्षेत्र के सभी पात्र व्यापारियों एवं व्यवसायियों से निर्धारित समय के भीतर शिविर में पहुंचकर निबंधन कराने की अपील की है, ताकि उन्हें सरकार की कर संबंधी सुविधाओं एवं नियमों का लाभ मिल सके.