लातेहार। स्थायी लोक अदालत, लातेहार से लोगों को त्वरित व सुलभ न्याय व समस्याओं का समाधान प्राप्त हो रहा है. स्थायी लोक अदालत के सदस्य शकील अख्तर ने बताया कि स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष पन्नालाल के कुशल नेतृत्व व मार्गदशन में हाल के दिनों में स्थायी लोक अदालत से वैसे कई मामलों में उपलब्धि हासिल की हैं तो आठ-दस वर्षों से लंबित थे. उन्होने बताया कि लातेहार थाना क्षेत्र के करकट ग्राम निवासी बैद्यनाथ सिंह ने भारतीय स्टेट बैंक से टेंपो खरीदने के लिए ऋण लिया था. गारंटी के तौर पर उन्होने किसान विकास पत्र और जीवन बीमा के कागजात जमा किये थे. शत प्रतिशत ऋण अदायगी के बावजूद 10 वर्षों से बैंक के द्वारा उन्हें दौड़ाया जा रहा था और केवीपी और बीमा के कागजात नहीं लौटाये जा रहे थे. श्री सिंह ने इसकी शिकायत स्थायी लोक अदालत में की. स्थायी लोक अदालत ने मात्र दस दिनों में बैद्यनाथ सिंह को बैंक से सभी कागजात दिलवाये. उन्होेने आगे बताया कि चंदवा के अंकुर कला केंद्र के अरिवंद कुमार ने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, चंदवा के लिखित निर्देश पर डायन प्रथा के खिलाफ कुल नौ स्थानो पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया था. लेकिन आठ वर्षों से सीडीपीओ चंदवा के द्वारा भुगतान नहीं किया जा रहा था. श्री अख्तर ने बताया कि स्थायी लोक अदालत में मामला आने के बाद 45 दिनों के अंदर अरविंद कुमार को भुगतान करा दिया गया. इसी प्रकार डुरूआ लातेहार की अनिता देवी ने मईयां सम्मान योजना की राशि अचानक बंद हो जाने की शिकायत स्थायी लोक अदालत में की तो मात्र 25 दिनों में अनिता देवी की बंद पड़ी राशि को बीडीओ, लातेहार के द्वारा भुगतान कराया गया. इन मामलों के निष्पादन में अध्यक्ष श्री पन्नालाल के अलावा सदस्य शकील अख्तर, सूरज प्रसाद, पेशकार चंदन कुमार व आदेशपाल दिलीप मिश्रा का भी सराहनीय योगदान रहा.
अध्यक्ष ने अपील की
स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष पन्नालाल ने जनोपयोगी सेवा जैसे बिजली, पानी, बैंक, टेलीफोन, नगर पंचायत, अस्पताल, डाकघर, रेलवे व अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के नि:शुल्क समाधान के लिए स्थायी लोक अदालत में शिकायत करने की अपील की. कहा कि शिकायतों का त्वरित व नि:शुल्क समाधान किया जायेगा.