लातेहार। भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने गुरूवार को लातेहार जिले के चंदवा प्रखंड स्थित रोल गांव में न्यायमूर्ति एल.पी.एन. शाह देव स्मारक उच्च विद्यालय पहुंचकर तीन दिन पूर्व हुई चोरी की घटना का निरीक्षण किया. उन्होंने कंप्यूटर लैब का मुआयना किया, विद्यालय प्रबंधन से पूरी जानकारी ली तथा पुलिस प्रशासन से इस मामले का शीघ्र उद्भेदन कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की. प्रतुल शाह देव ने कहा कि प्रसिद्ध झारखंड आंदोलनकारी एवं झारखंडी मूल के प्रथम न्यायाधीश न्यायमूर्ति एल.पी.एन. शाह देव की स्मृति को समर्पित इस विद्यालय की कंप्यूटर लैब से लैब संचालन में प्रयुक्त आठ बैटरियों की चोरी केवल संपत्ति की चोरी नहीं, बल्कि ग्रामीण विद्यार्थियों की आधुनिक शिक्षा पर सीधा आघात है. इन बैटरियों के चोरी हो जाने से कंप्यूटर लैब पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे हजारों विद्यार्थियों की डिजिटल शिक्षा बाधित हो रही है. प्रतुल ने कहा कि पुलिस प्रशासन को इस मामले को सामान्य चोरी मानकर नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गंभीर घटना के रूप में लेना चाहिए. प्रतुल शाह देव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक शिक्षा के संसाधन पहले से ही सीमित हैं. ऐसे में कंप्यूटर लैब जैसी महत्वपूर्ण सुविधा को नुकसान पहुंचना विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है. उन्होंने पुलिस से मांग की कि इस मामले का शीघ्र खुलासा कर चोरी गई बैटरियां बरामद की जाएं तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन त्वरित कार्रवाई कर विद्यार्थियों की पढ़ाई जल्द से जल्द सामान्य कराने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा. इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रशांत शाह देव एवं अन्य शिक्षक गण उपस्थित थे.