लातेहार: भारतीय जनता पार्टी के लातेहार नगर मंडल की नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में सोमवार को नगर मंडल अध्यक्ष कुमार सागर के नेतृत्व में नई टीम के गठन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह ने की। बैठक में नगर मंडल की नई टीम के गठन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। लातेहार नगर क्षेत्र के सभी वार्डों से सक्रिय एवं समर्पित भाजपा कार्यकर्ताओं के नामों पर चर्चा की गई। नगर मंडल के विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति सदस्यों के चयन को लेकर सुझाव लिए गए, ताकि संगठन को मजबूत, सक्रिय और जनहित के कार्यों में प्रभावी बनाया जा सके। बैठक को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने कहा कि नई टीम के गठन में ऐसे कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जो लंबे समय से संगठन के लिए निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन की रीति-नीति के अनुरूप कार्य करते हुए आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया। नगर मंडल अध्यक्ष कुमार सागर ने कहा कि नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और संगठन की परंपरा के अनुरूप की जा रही है। सभी वार्डों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारी मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही नई नगर मंडल टीम की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।
बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। बैठक में रितेश कुमार उर्फ निक्कू, मुकेश कुमार सोनी, नागमणि कुमार,मोनू कुमार, सौरभ पांडे, आनंद कुमार सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने और नई टीम के गठन में सक्रिय सहयोग देने का भरोसा जताया।