लातेहार। अमर शहीद नीलांबर-पीतांबर के वंशज रामनंदन सिंह खरवार का निधन शुक्रवार को हो गया. उनके निधन पर उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने गहरा शोक व्यक्त किया. उपायुक्त सदर प्रखंड के कोने गांव स्थित दिवगंत रामनंदन सिंह खरवार के घर पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. इस दौरान उपायुक्त ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की एवं शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की. उपायुक्त ने कहा कि स्व. रामनंदन सिंह खरवार अत्यंत सरल, ईमानदार एवं सत्यनिष्ठ व्यक्ति थे. उनका सामाजिक जीवन प्रेरणादायी रहा है और उनका निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है. ज्ञात हो कि रामनंदन सिंह खरवार शहीद नीलांबर-पीतांबर के वंशज थे एवं पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे. शुक्रवार की दोपहर लगभग 1:00 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली. उपायुक्त के साथ मौके पर उप विकास आयुक्त सैय्य्द रियाज अहमद,आईटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई, अपर समाहर्ता रामा रविदास, अनुमंडल पदाधिकारी अजय कुमार रजक समेंत कई अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे. उन्होने भी दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित की.