महुआडांड़ (लातेहार)। महुआडांड़ स्थित जामिया नूरिया जियाउल इस्लाम जामा मस्जिद अंजुमन कमेटी के सेक्रेटरी एवं खजांची पद के चुनाव के लिए शुक्रवार को शांतिपूर्ण माहौल में मतदान शुरू हुआ. सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आए. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मदरसा परिसर में मतदान सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक मतदान कराया गया. इसके बाद दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक मतदान आयोजित किया जायेगा. चुनाव समिति के अनुसार सुबह 11:30 बजे तक 320 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे, जो कुल मतदान का लगभग 65 प्रतिशत है. समिति ने उम्मीद जताई कि शाम तक मतदान प्रतिशत में और वृद्धि होगी. इस चुनाव में सदर पद के लिए तीन उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, लेकिन नाम वापसी की अंतिम तिथि तक दो प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस ले लिया. इसके बाद रेहान अली पिता रहमत अली निवासी महुआडांड़, सदर पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए. चुनाव समिति ने बताया कि सेक्रेटरी एवं खजांची पद के लिए मतदान शाम 5:00 बजे तक चलेगा. मतदान समाप्त होने के बाद शाम 7:00 बजे से मतगणना शुरू होगी तथा रात 8:30 बजे से 9:00 बजे के बीच परिणाम घोषित किए जाएंगे. चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. थाना प्रभारी मनोज कुमार के निर्देश पर पुअनि. मो. शमशेर पुलिस बल के साथ मतदान केंद्र पर तैनात रहे और पूरे समय सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी. चुनाव के दौरान मस्जिद कमेटी के पूर्व सदर इमरान खान भी मौजूद रहे. चुनाव प्रक्रिया को सफल एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित कराने में चुनाव समिति के सदस्य खुर्शीद अहमद, सफरुल खान, असलम खलीफा, सबीब खान, कमाल अहमद, खुर्शीद खान एवं शहीद खान सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है समिति ने सभी मतदाताओं से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखते हुए मतदान करने की अपील की.