लातेहार। शहर के करकट स्थित राष्ट्रीय जनता दल (राजद) जिला कार्यालय में बुधवार को एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए राजद के जिलाध्यक्ष राम प्रवेश यादव ने बताया कि आगामी 19 जुलाई को रेलवे स्टेशन रोड स्थित टाउन हॉल में जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में राजद के मंत्री, पूर्व मंत्री, विधायक, प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना तथा जिले से जुड़े महत्वपूर्ण जन मुद्दों पर विचार-विमर्श करना है। राम प्रवेश यादव ने कहा कि सम्मेलन में ओबीसी आरक्षण शून्य होने, बढ़ते भूमि विवाद, सामाजिक न्याय एवं जनहित से जुड़े अन्य विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने एवं आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राजद हमेशा सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आने वाले दिनों में जनहित के मुद्दों को और मजबूती से उठाया जाएगा। प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश सचिव मोहर यादव, प्रदेश सचिव रणजीत यादव, जिला सचिव संतोष यादव, प्रखंड अध्यक्ष नेजाम अंसारी, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राज नारायण गिरी, चेतन यादव समेत कई पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।