लातेहार। चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता सौरभ श्रीवास्तव ने सिविल सर्जन राजमोहन खलखो से मुलाकात की और अस्पताल की समस्याओं से संबंधित विस्तृत मांग पत्र सौंपा. सौरभ श्रीवास्तव ने हाल ही में चंदवा के दामोदर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे के बाद अस्पताल में उत्पन्न अव्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि सीएचसी में पर्याप्त एमबीबीएस चिकित्सकों की कमी, 24 घंटे एम्बुलेंस की अनुपलब्धता, अल्ट्रासाउंड मशीन और अन्य आधुनिक चिकित्सा उपकरणों का अभाव गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि इन कमियों के कारण क्षेत्र की बड़ी आबादी प्रभावित हो रही है और मरीजों को समय पर बेहतर उपचार नहीं मिल पा रहा है. सिविल सर्जन ने मांग पत्र पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इन समस्याओं से विभाग पहले से अवगत है और समाधान की दिशा में प्रयास जारी हैं. उन्होंने बताया कि उपायुक्त के साथ समन्वय कर डीएमएफटी कोष के माध्यम से अगले 30 दिनों के भीतर चंदवा सीएससी में एक एमबीबीएस चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि स्थानीय औद्योगिक एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से अस्पताल में 24 घंटे उपलब्ध रहने वाली एम्बुलेंस की व्यवस्था करने की पहल की जाएगी. अल्ट्रासाउंड मशीन एवं अन्य आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को भी प्राथमिकता दी जाएगी. सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर स्वास्थ्य सुविधाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो वे राज्य के स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराएंगे और शेष मांगों के शीघ्र समाधान की मांग करेंगे.