महुआडांड़ (लातेहार)। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरसा मुंडा चौक के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश कुमार मंडल एवं महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से किया. जांच अभियान के दौरान दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को रोककर ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, सीट बेल्ट, वाहन का निबंधन प्रमाणपत्र (आरसी), बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसी) सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई. जिन वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन किया गया या आवश्यक कागजात नहीं पाए गए, उनके विरुद्ध मौके पर ही चालान काट कार्रवाई की गई. जिला परिवहन पदाधिकारी के निर्देश पर रोड इंजीनियर ऋषि राज द्वारा ऑन-द-स्पॉट ई-चालान काटा गया. अभियान के दौरान कुल 43,000 का चालान वसूला गया.कई वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज हमेशा साथ रखने की हिदायत भी दी गई. इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश कुमार मंडल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस तरह का विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने लोगों से नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करने की अपील की। अभियान के दौरान महुआडांड़ थाना के पु अ नि इंद्रदेव रजवार, पु अ नि बंधन तिर्की सहित पुलिस बल के जवान मौजूद रहे.