लातेहार। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और घाटों की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 32वीं बटालियन के जवानों ने मंगलवार को सराहनीय पहल की. बटालियन के कमांडेंट राजेश सिंह के निर्देश पर एसएसबी के जवानों ने शहर के औरंगा नदी स्थित मुख्य छठ घाट पर श्रमदान कर साफ-सफाई एवं घाट को व्यवस्थित करने में अपना योगदान दिया. इस दौरान जवानों ने नदी के बालू को समतल किया, ताकि छठ व्रतियों को पूजा-अर्चना और भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के लिए समतल एवं सुरक्षित स्थान उपलब्ध हो सके. जवानों ने पूरे उत्साह के साथ श्रमदान करते हुए छठ घाट को व्रतियों के अनुकूल बनाने में सहयोग किया. मौके पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष संतोष रंजन व श्री सूर्यनारायण पूजा समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सिंह समेत समिति के अन्य सदस्य भी मौजूद थे. अध्यक्ष श्री सिंह ने एसएसबी के जवानों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि छठ महापर्व के अवसर पर जवानों द्वारा किया गया यह श्रमदान सामाजिक सहभागिता और जनसेवा का सराहनीय उदाहरण है. जवानों ने श्रमदान के माध्यम से यह संदेश दिया कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब समाज के सभी वर्ग मिलकर सामूहिक जिम्मेदारी निभाएं. नगर उपाध्यक्ष श्री रंजन ने भी एसएसबी की इस पहल की प्रशंसा की. उन्होने कहा कि एसएसबी के जवानों ने अपने इस कार्य से यह साबित किया कि वे न केवल देश की सीमाओं की सुरक्षा में मुस्तैद रहते हैं, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाते हैं. आपदा हो या सामाजिक आयोजन, जवान हमेशा आम लोगों की मदद के लिए तत्पर रहते हैं. कहना गलत नहीं होगा कि छठ घाट पर श्रमदान कर उन्होंने सुरक्षा बल और समाज के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग की भावना को और मजबूत किया है. मौके पर महेंद्र सिंह, भाजपा नेता राकेश कुमार दुबे, समिति के अनिल कुमार पप्पू, राजू यादव, गौतम गुप्ता समेंत कई सदस्य मौजूद थे.