लातेहार। सदर थाना क्षेत्र के तुबेद कोल माइंस में चलने वाली हाईवा की चपेट में आने से राजू टाना भगत (30) की मौत हो गई. वह बालूमाथ थाना क्षेत्र के के उलातू निवासी शाहदेव टाना भगत का पुत्र था. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुरूम नदी टोला स्थित मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया. ग्रामीण रामसहाय टाना भगत और सुका टाना भगत ने बताया कि राजू अपने रिश्तेदार के घर आया था. वह घर के बाहर टहल रहा था,
https://driver.jugnoo.in/AH5JKGMmWXb
इसी दौरान कोल साइडिंग में चलने वाली तेज रफ्तार हाईवा ने उसे धक्का मार दिया. इसमें वह घायल हो गया. उसे तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा, तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क जाम कर दिया. परिजनों का कहना है कि राजू ही परिवार का एकमात्र सहारा था. परिजन दस लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की मांग कर रहे थे. जाम की सूचना पर प्रभारी सदर थाना प्रभारी रामाकांत गुप्ता दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे. इसके बाद ट्रांसपोर्टिंग कंपनी प्रतिनिधियों ने एक लाख रुपये मुआवजा और पांच हजार रुपये प्रतिमाह सहायता देने के आश्वासन के बाद करीब तीन घंटे बाद जाम हटाया गया. थाना प्रभारी रामाकांत गुप्ता ने कहा कि जाम की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे. कंपनी के द्वारा मुआवजा के आश्वासन के बाद जाम हटा दिया गया है. परिजनों के आवेदन पर हाईवा पर करवाई की जाएगा.